हाथ की धुलाई से होगी बीमारियों की सफाई



जिंदगी की भागमभाग में कई बार ऐसा होता है कि हम अपना ख्याल नहीं रख पाते। जैसे इस दौरान नाश्ता करने या खाना खाते वक्त अपना हाथ धोना भूल जाते हैं। खासकर स्ट्रीट फूड का स्वाद लेते हुए तो जरूर हाथ धोने को जरूरी नहीं समझते। क्लास में अक्सर हाथ धोए बिना कुछ भी खा लेते हैं। कई बार अपने बच्चे को खेलाते वक्त जब नाश्ता करते हैं तो हाथ धोना भूल जाते हैं। पर क्या आपको पता है कि आपकी यह छोटी सी भूल आपको और आपके अपनों को बीमार कर सकती है। तो आप अब से ही सही, पर सचेत हो जाएं। कुछ भी खाने से पहले अपना हाथ धोएं। हाथों को स्वच्छ रखें, खुद को स्वस्थ रखें।
    
     हमारे माता-पिता या गार्जियन बचपन से ही अक्सर खाना खाने से पहले या कुछ भी काम करने के बाद हाथ धोने के लिए जरूर कहते हैं। इसे अच्छी आदत के तौर पर हमें सीख देते हैं। क्योंकि वे जानते हैं कि स्वच्छ घर है तो स्‍वस्‍थ घर है। स्वच्छता और सेहत को लेकर जब आप दृढ निश्चयी होंगे, तभी भारत स्वच्छ व स्‍वस्‍थ बनेगा। हमें और बच्चों को यह समझना होगा कि हमारे हाथों के माध्यम से कई तरह के बैक्टीरिया व कीटाणु हमारे आंखों और पेट में पहुंच जाते हैं। इसके चलते हम अस्वस्थ होने लगते हैं। नियमित हाथ धोने से पेट में कीड़े उत्पन्न नहीं होंगे। आंखों की बीमारी जैसे कंजंक्टिवाइटिस, केराटाइटिस, स्टाय, पलकों की सूजन आदि दिक्कतें पैदा नहीं होंगी। यहां एक बात यह भी समझ लीजिए कि हैंड सैनिटाइजर के अधिक इस्तेमाल से बच्चों में बैक्टीरिया से लड़ने की क्षमता कम हो सकती है। वहीं हाथ धोने के बाद त्वचा के रूखेपन को दूर करने के लिए मॉइस्चराइजिंग क्रीम या लोशन जरूर लगाना चाहिए।


संक्रमण का न दें साथ


सबसे पहले तो यह जान लें कि आपकी लापरवाही आपके परिवार के लिए घातक हो सकती है। इससे आपको या आपके किसी अपने को दस्त के जोखिम से गुजरना पड़ सकता है। आंत संक्रमित हो सकते हैं। पेट में कई दिक्कतें शुरू हो सकती हैं। तो क्या आप चाहेंगे कि आप अपनों को बीमार करें। हाथ न धोने से आपकी आंखें संक्रमित हो सकती हैं। आंखों की बीमारी जैसे ट्रेकोमा को भी आप हाथ धोकर कम कर सकते हैं। आंख आने की समस्‍या से मुक्ति पा सकते हैं।

सफाई के सात चरण
  1.    गर्म या ठंडे पानी से हाथ को भिगोएं
  2.    इसके बाद डिटॉल साबुन व लिक्विड हैंड वाश लगाएं
  3.    हाथ के ऊपरी हिस्से और हथेलियों को अच्छे से रगड़ें
  4.     अंगुलियों के बीच वाले हिस्से को जरूर मलें
  5.   इसके बाद अपने हाथ को गर्म या ठंडे पानी से धो लें
  6.    साफ और सूखी तौलिया से ही हाथों को पोछें
  7.    नल को तौलिये के सहारे ही बंद करें

ये बीमारियां दूर रहेंगी
  •      श्वसन संक्रमण या कोई भी संक्रामक बीमारी
  •     बैक्टीरिया, वायरस और फंगल इंफेक्शन
  •     आंखों का संक्रमण या आंखों का आना
  •     सर्दी-जुखाम से लेकर डायरिया तक
  •     पेट में कीड़े, फ्लू, हेपेटाइटिस-ए
  •     दस्त, निमोनिया या आंतों का संक्रमण

  



20
सेकेंड दें और हेल्‍दी रहें
स्कूल हो या घर। दफ्तर हो या सड़क। आप जहां कहीं भी हों, खाना खाने से पहले और बाथरूम से आने के बाद हर बार कम से कम 20 सेकेंड अपने हाथ जरूर धाएं। हाथों पर साबुन रगड़ते वक्त हाथ के आगे, पीछे, अंगुलियों के बीच और नाखून आदि को अच्छे से मलें। अक्सर काम करते वक्त‍, कहीं जाते वक्त या बैठे-बैठे हम किसी भी वस्तु, जमीन या दीवार को छूते रहते हैं। ऐसे में हमारे हाथों पर अनेकों रोगाणु जमा हो जाते हैं। ये रोगाणु हमारे हाथों के माध्यम से आंख, कान या मुंह से हमारे शरीर में पहुंच जाते हैं। इसके चलते हम संक्रमण का शिकार हो जाते हैं। ऐसे में आपकी 20 से 30 सेकेंड की सफाई खतरनाक बैक्टीरिया, वायरस और सूक्ष्म जीवों को संक्रमण फैलाने से पहले ही सफाया कर देगी।

हाथ धोना है जरूरी
  1.      शौचालय का उपयोग करने के बाद
  2.      डायपर जब भी बदलें तब
  3.      छोटे बच्चे व नवजात के पास जाने से पहले
  4.      किसी रोगी से मिलने से पहले व बाद में
  5.      पालतू जानवरों के साथ खेलने व छूने के बाद
  6.      पशु, पशुआहार या अपशिष्ट पदार्थ जब भी छुएं
  7.      कचरा या कूड़ा फेंकने या छूने के बाद
  8.      किसी का घाव या चोट छूने के बाद
  9.      कोई भी गंदी वस्तु या वस्त्र स्पर्श करने के बाद



10 के दाव से भागेंगे कीटाणु

चिकित्सक मानते हैं कि एक आदमी को दिनभर में कम से कम 5 से 10 बार अपने हाथ जरूर धोने चाहिए। जिस घर में नवजात हो वहां पर इस बात का ख्याल रखना मां के लिए और जरूरी हो जाता है। यह तो आप भी अब जान ही गए हैं कि ये खतरनाक कीटाणु आपके आसपास ही रहते हैं। ये आपके की-बोर्ड, टेलीफोन, दरवाजे के हत्थे व कुंडी, सिक्‍के व नोट इत्यादि पर बैठै रहते हैं। ऐसे में आपका हाथ जैसे ही आंख, कान, नाक व मुंह तक पहुंचा है, ये आप पर हमला बोल देते हैैंं। आपको यह जानकर हैरत होगी कि कई शोध में यह बात भी सामने आ चुकी है कि हाथ धोने से आपमें सकारात्मक विचार उत्पन्न होते हैं। ऐसे में पढ़ाई, काम व नौकरी में आपका मन लगता है। इसके अलावा आप स्वस्थ रहते हैं तो आपको आर्थिक लाभ भी पहुंचता है। ऐसे में आइए आज यह संकल्प लें कि अब हर रोज समय-समय पर हाथ जरूर धोएंगे और खुद को व अपनों को स्वस्थ रखेंगे।



टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

पतझड़ सा मैं बिखर जाऊंगा

यहां पर काल सर्पदोष की शांति का अनुष्‍ठान तुरंत होता है फलित

अकेला हूँ, खामोश हूँ